क्षतिग्रस्त सड़कों के विरोध में सपाइयों ने किया प्रदर्शन
सहारनपुर। क्षतिग्रस्त देहरादून हाईवे के गड्ढा मुक्त नहीं होने से खफा सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन कर रोष जताया। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही सड़कों का जीर्णोद्घार नहीं किया गया तो अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
रविवार को देहरादून चौक पर प्रदर्शन के दौरान सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव फैस सलमानी ने कहा कि एनएच (नेशनल हाइवेे) 73 के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस सड़क से रोगियों को मेडिकल कॉलेज अथवा जिला अस्पताल लेकर जाया जाता है। नौगजापीर के निकट स्थित पुल खस्ताहाल में है और वहां जाम की हालत में बनी रहती है। इससे चंडीगढ़ या देहरादून जाने वाले रोगियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की झूठी घोषणाएं करने का आरोप लगाया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार बंधु व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष शाहिद अंसारी आदि ने भी विचार रखे। प्रदर्शन के दौरान आमिर रजा, प्रह्लाद कुमार, असलम, बिलाल, नीरज, संजय, कासिफ सलमानी, सैयद कौसर, सलीम, मोहम्मद, अश्वनी, विपिन, जीशान, अहसान, सुहेल आदि मौजूद रहे।