राजमार्ग अधिकारियों ने मशीनों से कराया अतिक्रमण ध्वस्त
गागलहेड़ी। हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान प्रशासन ने शनिवार को हरोडा से होकर निकल रहे देहरादून हाइवे से जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। इस दौरान गागलहेड़ी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। शनिवार की सुबह ही एनएच के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ हरोडा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अधिगृहण की जद में आने वाली इमारतों को जेसीबी और पोकलेन मशीनों से हटवाना शुरू किया। अतिक्रमण हटाने का यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। अभियान देहरादून हाइवे पर बसे गांव हरोडा के मेन अड्डे पर चलाया गया। जानकारी देते हुए हाईवे के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान सर्विस रोड पर बने अवैध अतिक्रमण को हटाया गया है। जल्द ही शीघ्र सड़क का निर्माण कार्य आरंभ कराया जाएगा। ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करना चाहा पर पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के आगे उनकी एक न चल सकी।