पांच कीटनाशक दवाओं के नमूने लिए
सहारनपुर। अधोमानक कीटनाशक होने की सूचना पर कृषि रक्षा अधिकारी शिप्रा ने मंडी समिति रोड पर कीटनाशक विक्रेताओं के यहां छापेमारी की। इससे विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। उन्होंने पांच कीटनाशी रसायनों के नमूने लिए। उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
बृहस्पतिवार को जिला कृषि रक्षा अधिकारी के नेतृत्व में मंडी समिति रोड स्थित कीटनाशक विक्रेताओं के यहां छापेमारी की गई। इसमें परीक्षण के लिए पांच कीटनाशी रसायनों के नमूने लिए गए। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान तीन विक्रेताओं के यहां जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं पाए गए। इसके चलते उन्हें नोटिस जारी कर 30 अगस्त तक कागजात पूरे करने के निर्देश दिए गए। जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि दस्तावेज पूरे नहीं होने पर संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कीटनाशी विक्रेताओं को किसानों को कैश मैमो भी देने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी सूरत में अधोमानक कीटनाशी रसायन बिकने नहीं दिया जाएगा।