13 अगस्त तक गन्ना मूल्य का भुगतान न हुआ तो धरना प्रदर्शन की चेतावनी
देवबंद (सहारनपुर)। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग को लेकर बुधवार को किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल चीनी मिल प्रबंधतंत्र से मिला। किसानों ने अधिकारियों को चेताया कि यदि 13 अगस्त तक गन्ने का समस्त भुगतान नहीं हुआ तो किसान धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान मिल अधिकारी डा. भोपाल सिंह ने किसानों को बताया कि बैंक द्वारा चीनी के बंधक रेट बढ़ाए जाने तथा चीनी की बिक्री से बैंक का कर्ज चुकाकर प्रति बोरी बचत से 40 करोड़ रुपये बन रहे हैं। साथ ही 12 करोड़ रुपये बिजली की बिक्री के भी मिलेंगे। चीनी से प्राप्त धन का भुगतान 11 जून को 29 मार्च तक भेज दिया था। अभी भी 41 दिन के गन्ने का भुगतान शेष है। उन्होंने किसानों से आश्वासन दिलाया कि वह उनकी मांगों को हैड ऑफिस के अधिकारियों को अवगत कराएंगे। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रणबीर सिंह पुंडीर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 31 अगस्त तक पूरे प्रदेश में गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान कराने के आदेश दिए हैं। लेकिन अभी तक चीनी मिल द्वारा भुगतान नहीं किए जाने से किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में आस मोहम्मद, अनिल त्यागी, प्रीतम सिंह, युधिष्ठिर, इसम सिंह, सौरभ सिंह, श्याम, प्रमोद, सत्यपाल, चरण सिंह, सिताब सिंह, चौ. यशपाल सिंह, कलीम, प्रदीप त्यागी आदि रहे।