स्कूल संचालकों ने सड़क पर जाम लगाया
चिलकाना (सहारनपुर)। स्कूल प्रबंधक से मारपीट करने के आरोपियों को पकड़ने में विफल रहने पर स्कूल संचालकों ने पुलिस के खिलाफ पठेड़ के फव्वारा चौराहे पर जाम लगाया और प्रदर्शन किया। सीओ सदर के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम खोला गया। जाम के दौरान लोगों को खास तौर पर स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पडा।
चिलकाना के गांव पठेड़ में स्थित एसडी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक संजय राणा तथा गांव ढुलानी निवासी मुस्तफा का खेत में जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद हो गया था। इसमें मुस्तफा पक्ष ने संजय राणा और उसके परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस ने संजय के पिता सुखबीर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए मुस्तफा, उसके पुत्र खलील, अरशद, मुरसलीन, रहमुदीन, मुर्तजा तथा नानू निवासी बरथा कायस्थ के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से स्कूल संचालक चार दिन पहले इस मामले में एसएसपी से भी मिले थे। लेकिन चिलकाना पुलिस के ढुलमुल रवैये से हताश स्कूल संचालक, ग्रामीण तथा शिक्षकों ने उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक मलिक के नेतृत्व में बुधवार दोपहर को पठेड़ के फव्वारा चौराहे पर जाम लगा दिया। जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग र्गइं। जाम में चिलकाना और सहारनपुर ओर से आने वाले स्कूली बच्चे भी फंस गए।
जाम की सूचना के एक घंटे बाद पुलिस पहुंची तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसी ने भी पुलिस की नहीं सुनी। दोपहर बाद करीब सवा दो बजे सीओ सदर चौब सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर आश्वासन दिया कि तीन दिन में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही जाम खोला गया।
इस दौरान सुशील रोहिला, केपी सिंह, प्रीतम सिंह, अंकित, रजनीश गुप्ता, तेजपाल, जनम सिंह, भूषण सिंह, दिनेश, लोकेश, विश्वास, योगेश, राजकुमार, अर्जुन सिंह ने सीओ सदर को ज्ञापन देकर जनपद के स्कूल संचालकों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की गई।