सफाईकर्मियों की हड़ताल से फैली गंदगी
देवबंद। बरसात के मौसम में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर में चारों तरफ गंदगी पसरी होने से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो गया है। वहीं, भायला रोड पर लोगों ने नगरपालिका के खिलाफ प्रदर्शन कर प्रशासन से सफाई व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है।
नगरपालिका के सफाईकर्मी 10 जुलाई से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं। इस बाबत वह ईओ को सात सूत्रीय भी दे चुके हैं। उनकी मांगों में सातवें वेतन के बढ़े हुए एरियर का भुगतान कराने, ठेका सफाई कर्मचारियों का दो माह का वेतन, गर्मी की वर्दी, रिटायर्ड कर्मचारियों का भुगतान, संविदा सफाई कर्मचारियों का तीन माह का एरियर भुगतान आदि मांगें शामिल हैं।
सफाई कर्मियों की इस हड़ताल के चलते तीन दिनों में नगर जगह जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं। बरसात का मौसम होने के चलते कूड़े में दुर्गंध फैल रही है। सड़कों पर भी चारों ओर कचरा बिखरा है। जिससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है। वहीं नगर विकास कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अनिल व महामंत्री राजू ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इस संबंध में वह 15 जुलाई को एसडीएम से भी मिलेंगे। पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी ने कहा कि कर्मचारियों को हर माह नियमित रूप से तनख्वाह मिलती है। कर्मचारियों की मांगों के संबंध में शासन को पत्र भेज दिया गया है।