संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता दो बच्चों सहित लापता
सहारनपुर। मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी एक विवाहिता अपने दो बच्चों समेत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। विवाहिता के पिता ने ससुरालियों पर अनहोनी की आशंका जताते हुए सदर कोतवाली में तहरीर दी है।
पंजाब के लुधियाना निवासी कृष्ण कुमार का कहना है कि उसकी बेटी साक्षी उर्फ निधि की शादी पांच मई 2005 को अर्जुन नगर निवासी दीपक के साथ हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी बेटी के पति, सास, ससुर, ननद व ननदोई दहेज के लिए प्रताड़ित करते चले आ रहे थे। उन्होंने लुधियाना में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। जिस पर आरोपियों ने दोबारा परेशान नहीं करने का आश्वासन देकर समझौता कर लिया था। आरोप है कि ससुराल आने पर उसकी बेटी से फिर मारपीट की जाने लगी। रविवार को उसके पास ससुराल से फोन आया कि उसकी बेटी अपनी दस वर्षीय पुत्री एवं नौ वर्षीय पुत्र के साथ ससुराल से लापता है। जिस पर वह सहारनपुर पहुंचे और बेटी की तलाश की, लेकिन उसकी बेटी और बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। आरोप है कि उसकी बेटी और बच्चों को तलाशने में ससुराल वालों ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। उसने ससुरालियों पर अनहोनी की आशंका जताते हुए आरोपी ससुरालियों के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर दी है।