लखनौती (सहारनपुर)। यमुना नदी के पुल के लिए बजट स्वीकृत होने के बाद शनिवार को डीएम ने प्रशासनिक अमले के साथ यमुना नदी के निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। डीएम ने वहां मौजूद अधिकारियों को जल्द ही निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। गंगोह ब्लाक के गांव दौलतपुर और हरियाणा के गांव शेरगढ टापू के घाटों पर यमुना नदी पर दो राज्यों को जोड़ने वाली योजना इंटर स्टेट कनेक्टिविटी के तहत पुल का निर्माण किया जा रहा है। वर्ष 2010 से शुरू हुए निर्माणाधीन पुल की निर्माण समयावधि 2 वर्ष रखी गई थी, लेकिन पुल का निर्माण धीमी गति के कारण इसका बजट बढ़ गया और पुल का निर्माण गत दो वर्षों से बंद पड़ा था। अमर उजाला इस पर लगातार खबरें प्रकाशित कर रहा था। क्षेत्रीय विधायक प्रदीप चौधरी ने भी पुल के मुद्दे को कई बार विधानसभा में उठाया। अमर उजाला की खबरों का संज्ञान लेते हुए शासन द्वारा साढे़ तीन करोड़ रुपये पुल निर्माण के लिए जारी कर दिए गए।
शनिवार को डीएम पीके पांडेय, पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सतपाल सिंह, ठेकेदार बिजेंद्र सिंह आदि निर्माणाधीन पुल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। डीएम ने पुल पर जल्द ही निर्माण पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। एई संजय सिंह, जेई मीनाक्षी श्रीवास्तव, ऋतुराज सिंह, कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार आदि मौजूद रहे। सरकारी अमले के पुल पर पहुंचते ही आसपास के गांव के ग्रामीण वहां एकत्रित हो गए और पुल पर निर्माण के लिए बजट मंजूर होने पर उन्होंने हर्ष जताया।