सहारनपुर। गंगोह में स्थित एक हवेली के हिस्से पर कब्जा करने के लिए प्रदेश स्तर के एक कांग्रेस नेता व उसके भाई तथा भतीजे पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
गंगोह के मोहल्ला इशरा टीकाराम हवेली निवासी संजय का कहना है कि वह मकान नंबर जे-76 एवं जे-78 में रहता है। आरोप है कि कस्बे के ही कांग्रेस नेता एवं पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद ने हवेली के एक भाग जे-79 खरीद लिया है और उसे किराएदार बताकर खाली कराने का वाद कोर्ट में दायर कर दिया है। जबकि वह मकान नंबर जे-79 में रहता ही नहीं है। यह सिर्फ उन्हें उनका मकान खाली कराकर कब्जाने के लिए किया जा रहा है। एक अप्रैल को नोमान मसूद अपने भाई और भतीजे के साथ कई लोगों को लेकर उसके घर पहुंचा और उस समय घर में मौजूद उसकी पत्नी सुमन के साथ अभद्रता की। उसे धमकी दी कि यह मकान खाली नहीं किया तो उसके पति एवं बच्चों का अपहरण कर जान से मार दिया जाएगा। संजय ने आरोप लगाया कि आरोपियों का क्षेत्र में राजनीतिक रसूख है और थाना पुलिस भी इनके प्रभाव में रहती है। इन लोगों से उसे और उसके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। संजय ने इस संबंध में एसएसपी को ज्ञापन देकर जान माल की सुरक्षा किए जाने एवं आरोपियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। गलत आरोप लगाया जा रहा है
कांग्रेस नेता एवं पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद का कहना है कि हवेली का आधा हिस्सा उन्होंने खरीद लिया है। उसमें से एक रास्ता दूसरे मोहल्ले में जाता है, जिससे संजय ने बंद कर दिया था। उसी को लेकर विवाद हो रहा है। इस पर पहले भी फैसला किया जा चुका है। लेकिन संजय ब्लैकमेल कर रहा है। उन पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।