सहारनपुर। खनन पट्टों की ई नीलामी में बाहरी फर्मों में बाजी मार ली है। इनमें से दो फर्म हरियाणा और एक मध्यप्रदेश की हैं। जबकि एक नोएडा और एक स्थानीय बोलीदाता सर्वाधिक बोली लगाई है। खनन के पट्टों के लिए 71 रुपये से लेकर 1500 रुपये प्रति घन मीटर के रेट लगाए गए हैं। नीलामी के बाद पट्टों की एप्रूवल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बृहस्पतिवार और शुक्रवार को चली खनन पट्टों की ई नीलामी प्रक्रिया के रिजल्ट सामने आ गए हैं। इसमें जहां बाहरी फर्मों ने सर्वाधिक रेट लगाकर तीन पट्टों पर बाजी मार ली है। सरकार ने जिले के 40 पट्टों में से केवल पांच खनन पट्टों के लिए निविदाएं आमंत्रित की थीं। इनमें से दरिया बरामद में 3, ढिक्का कलां में 2, नुनियारी में 10, कालूवाला पहाड़ीपुर में 12 और रहना में 17 लोगों ने निविदाएं डाली थीं। सरकार ने बालू वाले पट्टों के लिए 65 और बजरी, बोल्डर और बालू के मिक्स पट्टों के लिए 95 रुपये प्रति घन मीटर का रेट दिया था। इसके बाद सर्वाधिक रेट वाले पांच फर्मों को नीलामी में शामिल किया गया। बृहस्पतिवार से शुरू हुई ई नीलामी प्रक्रिया शुक्रवार शाम तक संपन्न हुई।
जिला खान अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बाला जी ट्रेडिंग कंपनी ने 71 रुपये प्रति घन मीटर की बोली लगाकर ढिक्का कलां पट्टे पर बाजी मारी है, वहीं दरिया बरामद में नोएडा की प्राइम विजन इंडस्ट्रीज ने 131 रुपये प्रति घन मीटर का सर्वाधिक रेट लगाया है। रहना में सबसे अधिक रेट सोनीपत हरियाणा के राहुल पंवार ने लगाया है। उन्होंने इस पट्टे के लिए 1500 रुपये प्रति घन मीटर की बोली लगाई है। नुनियारी में यमुना नगर की बजाड कांट्रेक्टर्स ने 807 रुपये और कालूवाला पहाडीपुर में भोपाल मध्यप्रदेश की फर्म सैनिक फूडस प्राईवेट लिमिटेड ने 582 रुपये प्रति घन मीटर की बोली लगाकर बाजी मार ली है।
जिला खान अधिकारी ने बताया कि अब इन बोलीदाताओं की पट्टा आवंटन की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। इसके बाद नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल से भी इन पट्टों को अप्रूव कराया जाएगा। जिसके बाद इन पांचों पट्टों पर खनन शुरू हो जाएगा।