सहारनपुर। राजस्थान में चिकित्सकों के घर के दरवाजे तोड़कर की गई गिरफ्तारी से जनपद के तमाम चिकित्सकों में रोष है। बृहस्पतिवार को चिकित्सकों ने बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। चिकित्सकों के अनेक संगठनों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
प्रांतीय चिकित्सक सेवा संघ से जुड़े सरकारी चिकित्सकों ने बृहस्पतिवार को बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर काम किया। अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार चौधरी ने राजस्थान सरकार के कदम की निंदा की। कहा कि सरकार की दमनकारी नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस तरह से चिकित्सकों और उनके परिवारों के साथ दुर्व्यवहार किया गया वह असहनीय है। प्रोविंशियल मेडिकल सर्विसिज एसोसिएशन ने भी राजस्थान सरकार के कदम की निंदा की। डॉ. अमित सिंह का कहना है कि प्रदेश सरकार ने चिकित्सकों के साथ कुछ वादे किए थे। निर्धारित समय पर जब वादे पूरे नहीं हुए तो चिकित्सकों ने अपनी आवाज उठाई। जवाब में सरकार ने मांग मानने की बजाय उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया, जिसकी निंदा की जानी चाहिए। कहा कि संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल चिकित्सकों के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में मुख्यमंत्री से वार्ता करने राजस्थान जाएगा।