सहारनपुर। निकाय चुनाव के बीच भीम आर्मी पुलिस-प्रशासन के लिए टेंशन बन गई है। भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर पर रासुका लगाए जाने के बाद भीम आर्मी के पदाधिकारी सोशल मीडिया के माध्यम से नौ नवंबर को महापंचायत का एलान कर रहे हैं। उधर, पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।
भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर रावण को चार मामलों में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन ने उस पर रासुका की कार्रवाई कर दी। इसके विरोध में भीम आर्मी ने नौ नवंबर को महापंचायत का एलान किया है। भीम आर्मी के पदाधिकारी लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से महापंचायत को सफल बनाने का आह्वान कर रहे हैं। निकाय चुनाव के बीच भीम आर्मी ने महापंचायत करने की घोषणा कर पुलिस-प्रशासन के सामने मुसीबत खड़ी कर दी है। भीम आर्मी के पदाधिकारी चंद्रशेेखर रावण पर लगी रासुका हटाए जाने की मांग कर रहे हैं और प्रशासन को खामियाजा भुगतने की भी चेतावनी दे रहे हैं। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि कोई महापंचायत नहीं होने दी जाएगी। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों को जेल भेजा जाएगा।