देवबंद (सहारनपुर)। निकाय चुनाव के लिए शनिवार से आरंभ होने वाली नामांकन प्रक्रिया की तैयारी में प्रशासन दिनभर जुटा रहा। तहसील कार्यालय में नामांकन कक्षों के बाहर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
एसडीएम रामविलास यादव ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए न्यायालय तहसीलदार जबकि सभासद पद के लिए वार्ड संख्या 1 से 5 तक न्यायालय तहसीलदार न्यायिक, वार्ड 6 से 10 तक न्यायालय नायब तहसीलदार, वार्ड 11 से 15 तक सभाकक्ष गेट नंबर एक, वार्ड 16 से 20 तक सभाकक्ष गेट नंबर दो तथा वार्ड 21 से 25 तक कार्यालय वासिल बाकी नवीम में नामांकन पत्र जमा होंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन स्थल और उसके बाहर बैरिकेडिंग करा दी गई है। नामांकन के समय प्रत्याशी समेत पांच लोग ही अंदर आ पाएंगे। जिनमें एक प्रस्तावक, वकील आदि होंगे। जुलूस की शक्ल में प्रत्याशी नहीं आएंगे, क्योंकि जनपद में धारा 144 लगी है। तहसीलदार परमानंद झा ने बताया कि नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से सांय 3 बजे तक होंगे। सभी कक्षों में कंप्यूटर लगाए गए हैं। जिनमें प्रत्याशी का संपूर्ण डाटा फीड किया जाएगा। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया की नामांकन स्थल पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर में पांच साल में बढ़े 18,890 मतदाता
देवबंद। देवबंद नगरपालिका की सीट इस बार पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद जहां पहले से चुनाव लड़ने का मन बनाए बैठे दावेदारों के अरमानों पर पानी फिर गया है, वहीं पिछड़ा वर्ग से चुनाव लड़ने वाले संभावित उम्मीदवार वोट बैंक जुटाने में लगे हैं। साल 2012 में देवबंद नगरपालिका में 56,441 मतदाता थे। लेकिन 2017 में नगर की जनसंख्या 1,09299 होने से मतदाताओं की संख्या बढ़कर 75,331 पर पहुंच गई है। ऐसे में 18,890 मतदाता बढ़े हैं। इनमें अधिकांश युवा वर्ग। जो नये पालिकाध्यक्ष की तकदीर लिखेंगे।