22 को हड़ताल पर रहेंगे बैंक कर्मचारी
सहारनपुर। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में 22 अगस्त को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल से बैंकों का कामकाज ठप रहेगा। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
कोर्ट रोड स्थित एक सभागार में आयोजित बैठक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन सचिव मनमोहन सूद ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में ट्रेड यूनियनों के बैनर तले पब्लिक सेक्टर बैंकों के निजीकरण और विलयीकरण के विरोध में बैंक अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। कहा कि कारपोरेट एनपीए को माफ करना देशहित में नहीं है। बैंक बोर्ड ब्यूरो का गठन सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को एक बैकिंग निवेश कंपनी के तहत लाने के लिए किया गया है। जिससे सरकारी बैंकों में सरकारी हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से कम हो जाएगी। मांग की कि एनपीए वसूली पर पार्लियामेंट कमेटी की संस्तुतियां लागू की जाएं और जानबूझकर ऋण ना चुकाने वालों को अपराधी घोषित किया जाए। बैंक कर्मचारियों से हड़ताल को सफल बनाने का आहृवान किया। इस दौरान संजय, सेठपाल, मदन लाल, सचिन सैनी, अनुराग अरोड़ा, प्रदीप त्यागी, सूरज, रविंद्र कुमार, आनंद कुमार, अमित कुमार, रामसिंह रावत, रामपाल सिंह मौजूद रहे।