कमरे की छत गिरी, मलबे में दबकर मां बेटी घायल
बड़गांव (सहारनपुर)। झबीरण गांव में मकान की कच्ची छत सोमवार रात भरभरा कर गिर गई। मकान में सो रही मां बेटी मलबे में दबकर घायल हो गई। मलबा गिरने की आवाज सुनकर दौड़े लोगों ने दोनों को बाहर निकाला। मां को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
झबीरण निवासी बिजेंद्र की पत्नी उषा व बेटी प्रियंका सोमवार रात एक ही कमरे में सोई हुई थी। रात लगभग दो बजे मकान की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। इससे मां बेटी सहित घर का सारा सामान मलबे में दब गया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में घायल उषा को अस्पताल भरती कराया गया जबकि प्रियंका को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। छत गिरने से हजारों रुपये मूल्य का घरेलू सामान भी खराब हो गया।