एसडीएम ने अवैध कब्जाधारियों को चेताया
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गांव भांकला में विकास कार्यों को लेकर हुई खुली बैठक में एसडीएम ने ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने वालों को चेतावनी दी। प्राथमिक विद्यालय में हुई बैठक में एसडीएम ने कहा कि अवैध कब्जे मुक्त न कराए गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने शौचालयों का निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन वितरण प्रणाली, पेंशन, सड़कों का निर्माण, स्वच्छता अभियान आदि के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश है कि भूमाफियाओं को अब किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि गांव में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा है तो उसे बल पूर्वक हटाया जाएगा। थाना प्रभारी वेदप्रकाश गिरी, तहसीलदार राजेन्द्र कुमार के अलावा ग्राम प्रधान पदम सिंह, शेर सिंह राणा, नेत्रपाल सिंह, बारू सिंह, कृष्ण कुमार, भोजराज आदि मौजूद रहे।