शिक्षकों का वित्त एवं लेखाधिकारी को चार दिन का अल्टीमेटम
सहारनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ और उप्र सीनियर बेसिक शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने वित्त एवं लेखाधिकारी को कार्यप्रणाली में सुधार की चेतावनी दी है। आरोप है कि कार्यालय में तैनात अधिकारी और लिपिक बिना वसूली के एरियर, पेंशन आदि का कोई भुगतान नहीं करते हैं।
मंगलवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संदीप पंवार और सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के प्रांतीय संयुक्त सचिव मंसूर अहमद के नेतृत्व में शिक्षक वित्त एवं लेखाधिकारी पारसनाथ से मिले। उन्होंने कहा कि अंतर जनपदीय स्थानांतरण और नवनियुक्त शिक्षकों से एरियर आहरण के नाम पर धनराशि की मांग की जा रही है। जनवरी, फरवरी और मार्च माह का एरियर जानबूझकर लंबित किया जा रहा हैँ। सेवानिवृत्त शिक्षकों के सातवें वेतनमान के अनुसार पेंशन निर्धारण नहीं किया गया। किसी सेवानिवृत्त शिक्षकों को पेंशन तक नहीं दी गई। शिक्षकों ने पत्र में कहा कि कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर हैँ। शिक्षकों को कार्यालय में अटैच कर कार्य कराया जा रहा हैं, जबकि बाबू एरियर और अन्य भत्ते आहरण के नाम पर धन वसूली करने में व्यस्त है। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि सुधार नहीं हुआ तो जुलाई माह से कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मिलने वालों में अरविंद यादव, नासिर, नीरज बालदिया, प्रेमचंद सैनी, कृष्णपाल, सेठपाल, सतीश राणा, गजेंद्र सिंह, कृपाल मलिक, नीरज सैनी, राजबीर सिंह, लोकवीर सिंह, अनिल कुमार, कपिल दुआ आदि मौजूद रहे।