सहारनपुर। सेठ बलदेव दास बाजोरिया जिला चिकित्सालय में पंजीकृत थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए डिफासिरॉक्स की 51 हजार गोलियां आईं हैं। अब अस्पताल प्रबंधन को एक साल तक उक्त दवा को खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पीड़ितों को भी आसानी से दवा उपलब्ध होगी।
जिला चिकित्सालय में थैलेसीमिया बीमारी से पीड़ित 104 बच्चे पंजीकृत हैं। जिनको खून चढ़ाने से लेकर इलाज तक की पूरी व्यवस्था अस्पताल की ओर से की जाती है। जिन बच्चों को दवा की जरूरत पड़ती है, उनकी पहले जांच कराई जाती है। यहीं नहीं हर महीने थैलेसीमिया पीड़ितों को खून की आवश्यकता होती है।
जनता रोड स्थित उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कारपोरेशन लिमिटेड का जनपदीय औषधि वेयर हाउस है। जहां से जिला चिकित्सालय, महिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज और सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयों की सप्लाई होती है, लेकिन पिछले कई महीने से थैलेसीमिया की दवा नहीं आ रही है। जिसके चलते एसबीडी जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने सिपला कंपनी से थैलेसीमिया की दवा खरीदी है। जिससे थैलेसीमिया पीड़ितों को कोई परेशानी न हो सके।
जिला अस्पताल में 100 से अधिक थैलेसीमिया बच्चे पंजीकृत हैं, जिनका निरंतर इलाज चलता है। इन्हें हर महीने खून भी चढ़ाया जाता है। पिछले दिनों दवा की कमी थी, लेकिन अब हमने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए स्थानीय स्तर पर कंपनी से दवा खरीदी है।
- डॉ. रमनपाल सिंह सुमन, प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल