नानौता (सहारनपुर)। नगर स्थित एक आरा मशीन में काम करते समय ब्लेड लगने से एक कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कारीगर की मौत पर पूरे परिवार में कोहराम मचा है। कस्बे के मोहल्ला चाहमंजली कोट निवासी 25 वर्षीय मोहसिन पुत्र जहीर नगर की एक आरा मशीन में काम करता है। शनिवार की शाम वह मशीन में लकड़ी काट रहा था, कि अचानक मशीन का ब्लेड टूटकर उसकी छाती पर जा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में साथियों द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिवार को इसकी जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष मनोज चौधरी का कहना है कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।