इंदिरा कालोनी में होमगार्ड दफ्तर का बरामदा गिरा
देवबंद (सहारनपुर)। पिछले तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश कहर बरपाने लगी है। सोमवार को खंडहर में तब्दील हो चुका होमगार्ड दफ्तर का बरामदा भी ढह गया। इससे वहां से गुजर रहे कई लोग और बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई।
त्योहारों के मौसम में हो रही बारिश से जनजीवन ठहर गया है। सोमवार दोपहर रेलवे स्टेशन के पास स्थित इंदिरा कालोनी में जिला उद्योग केंद्र की जगह पर खंडहर में तब्दील भवन का बरामदा भरभराकर ढह गया। चार-पांच कमरों के इस भवन में एक कमरे में होमगार्ड का दफ्तर पर चलाया जा रहा है। लेकिन सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी होने के कारण दफ्तर बंद था। वरना बड़ा हादसा भी हो सकता था। गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे कुछ लोगों और बच्चों ने इधर-उधर दौड़कर अपनी जान बचाई। इंदिरा कालोनी निवासी शंकर, भूरा, लखमी चंद, रिंकू, सचिन, राकेश, बबलू और पिरथी आदि ने बताया कि चार-पांच कमरों का यह भवन जर्जर हाल में है। जुलाई माह में भी इस भवन का कुछ हिस्सा बारिश में ढह गया था। उनका कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक लोगों का इस भवन के पास से होकर आना-जाना लगता रहता है। अब लोगों को इसके पास से गुजरते हुए भी डर लगता है। उनका कहना है कि प्रशासन से पहले भी भवन को गिराने की मांग की जा चुकी है लेकिन शायद प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में है। उधर, बारिश से सड़कों पर जलभराव और कीचड़ होने से लोगों को आने जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।