ड्रग इंस्पेक्टर ने की मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी
रामपुर मनिहारान। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन द्वारा की गई शिकायत के आधार पर ड्रग इंस्पेक्टर ने शनिवार को अपनी टीम के साथ नगर के मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। छापेमारी की सूचना पर मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। ड्रग इंस्पेक्टर रमेश चंद यादव एवं अंकुश शर्मा के नेतृत्व में कस्बे के मेडिकल स्टोर पर छापामारी की गई। छापामारी के दौरान गुरुनानक मेडिकल स्टोर से ड्रग इंस्पेक्टर ने कुछ दवाइयों के सैंपल लिए गए। देवबंद गुरु नानक स्टोर पर छापामारी के दौरान सभी मानक सही सही पाए गए। ड्रग इंस्पेक्टर की छापेमारी की सूचना पर नगर के अवैध रूप से चलाए जा रहे मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि कस्बे के व्यक्तियों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अधिकांश मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाइयों का कारोबार धड़ल्ले से किया जा रहा। हालांकि जांच में ऐसा कुछ नहीं पकड़ा गया है। बता दें कि नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शहाबुद्दीन अहमद ने मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाइयों के कारोबार को लेकर दो वर्ष से उनके खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। शहाबूद्दीन अहमद का कहना है कि मेडिकल स्टोर संचालकों की वजह से नौजवान नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं।