सहारनपुर। जिले की ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मचारियों का टोटा है। 887 ग्राम पंचायतों में 1530 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। गांवों की आबादी के अनुसार यह सफाई कर्मचारी कम पड़ रहे हैं। जिला पंचायत राज विभाग को 1500 और सफाई कर्मचारियों की जरूरत है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभाग ने शासन को सफाई कर्मचारी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा है।
जनपद में 887 ग्राम पंचायत हैं। एक ग्राम पंचायत में तीन से पांच गांव तक शामिल हैं। किसी ग्राम पंचायत की आबादी दस हजार है तो किसी की तीन से चार हजार है। आबादी के हिसाब से ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मचारी कम पड़ रहे हैं। किसी ग्राम पंचायत में चार-चार सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं तो किसी में एक या दो से ही काम चलाना पड़ रहा है। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई गांवों के लोगों ने जिला पंचायत राज अधिकारी से सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की। विभाग ने उच्चाधिकारियों के माध्यम से शासन को रिपोर्ट भेजी है, जिसमें 1500 और सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता का उल्लेख किया है।
इन गांव के लोगों ने की शिकायत
सहारनपुर। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि पुवांरका ब्लॉक के गांव मांडला, पिकी, हौजखेड़ी, नानौता ब्लॉक के गांव बाल्लूमाजरा, रामपुर मनिहारान के उमरी कला, देवबंद के कोंदकी, गंगोह के नैनखेड़ी, मुजफ्फराबाद के बूबका, पठौरी के ग्रामीण उनसे मिले थे, जिन्होंने सफाई कर्मचारियों की कमी के चलते सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायत की। ग्रामीणों की मांग को उच्चाधिकारियों के माध्यम से शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। जिले में 1500 सफाई कर्मचारियों की कमी है। इस कारण विभाग को भी व्यवस्था बनाने में दिक्कत आती है, लेकिन उनका पूरा प्रयास रहता है कि किसी भी ग्राम पंचायत की सफाई व्यवस्था प्रभावित न होने पाए।