देवबंद। नगर पालिका परिषद के रवैये से परेशान दुकानदारों ने बृहस्पतिवार की रात्रि दारुल उलूम-बड़जियाउलहक मार्ग पर खुद ही पत्थर डालकर चलने फिरने का रास्ता बनाया। उक्त मार्ग को पालिका ने कई दिनों से तुड़वाया हुआ है। यहां कीचड़ होने के कारण दुकानों पर ग्राहक तक नहीं पहुंच रहे हैं।
करीब एक सप्ताह पूर्व नगर पालिका ने दारुल उलूम-बड़जियाउलहक मार्ग को पुन: निर्माण कराने के लिए तुड़वाया था। हालांकि इस दौरान रमजान माह शुरू होने का हवाला देते हुए लोगों ने इसका विरोध भी किया था, लेकिन इसको अनदेखा कर उक्त मार्ग को तुड़वा दिया गया। जिस पर आज तक भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इसकी वजह से जहां रोजेदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इससे दुकानदार भी परेशान आ चुके हैं। मिट्टी में कीचड़ होने के कारण दुकानों तक ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। पालिका के रवैये को देखते हुए बृहस्पतिवार की देर रात्रि दुकानदारों ने वहां खुद ही पत्थर बिछवाया ताकि लोगों को आने जाने का रास्ता मिल सके। दुकानदार मो. उस्मान, सलमान, मो. वली, फैजान, सऊद आदि का कहना है कि अगर शीघ्र सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जाता तो पालिकाध्यक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही उक्त मार्ग को रमजान के बाद तुड़वाए जाने को कहा था, लेकिन हठधर्मिता के चलते उनकी एक नहीं सुनी गई। जिसके कारण अब उन्हें और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।