सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर देवबंद जा रही एक महिला का पर्स प्लेटफार्म नंबर चार पर छूट गया और महिला ट्रेन से देवबंद पहुंच गई। पर्स स्टेशन पर काम करने वाले एक कुली को मिल गया। कुली ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स यात्री के संबंधी को लौटा दिया।
शुक्रवार को प्लेटफार्म नंबर चार पर कुली राकेश एवं कमलेश खड़े हुए थे। वहां से कुछ ही दूरी पर बुक स्टॉल के निकट एक पर्स पड़ा हुआ नजर आया। उन्होंने पर्स के बारे में आसपास मौजूद यात्रियों से जानकारी की। लेकिन सभी ने उसे अपना होने से इंकार कर दिया। उसके बाद दोनों ने उस पर्स को एएसआई के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ केंद्र से घोषणा कराई गई। घोषणा होने के कुछ देर बाद एक व्यक्ति वहां पहुंचा। उसने अपना नाम मोसीन निवासी ग्राम पिंजौरा बताया। उसने बताया कि यह बैग उसके रिश्तेदार शहनाज का है। जो गाड़ी संख्या 54472 से देवबंद जा चुकी है। बताया कि उनके पास अधिक सामान था, इसलिए बैग गलती से छूट गया। देवबंद उतरने के बाद बैग याद आया। इसके बाद एएसआई ने उक्त व्यक्ति के फोन से उनकी रिश्तेदार से बात कर सामान और व्यक्ति के बारे में पूछा। संतुष्टि होने पर एएसआई ने बैग को व्यक्ति के सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि बैग में चांदी का गले का हार, अंगूठी, 1050 रुपये की नगदी रखी हुई थी।