श्री बाला सुंदरीपुरम कालोनी में शराब का ठेका हटाने की मांग
देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर स्थित श्री बाला सुंदरीपुरम कालोनी के लोगों ने निर्माणाधीन शराब का ठेका स्थानांतरित कराने की मांग की प्रशासन से की है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को कालोनी के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा है।
कालोनी के निवासी विनोद रावत, सुरेंद्र गिल, विनोद गुप्ता, पंडित सच्चिदानंद भट्ट, अमित अनेजा, शूरवीर, निरंजन सिंह, हरमेश कुमार, ओमपाल सिंह, रामपाल सिंह आदि ने एसडीएम रामविलास यादव को ज्ञापन देकर बताया कि शासन से स्वीकृत श्री बाला सुंदरीपुरम कालोनी श्री साईं धाम मंदिर से 250 मीटर दूर तथा सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग से 220 दूर स्थित है। कालोनी में मकान बनाने का काम शुरू होने वाला है। लेकिन इस कालोनी के बीच में शराब का ठेका निर्माणाधीन है जो पूर्ण रूप से अवैध है।
शुगर मिल कालोनी और नूरपुर से भक्तजन रोजाना इसी कालोनी के बीच से होकर साईं धाम मंदिर पहुंचते हैं। लेकिन शराब का ठेका चालू होने के बाद उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। शराब के ठेकों पर असामाजिक तत्व झगड़ा आदि करेंगे। इसलिए उपरोक्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शराब के ठेके को अन्यत्र किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। एसडीएम ने कालोनी के लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिलाया है। ज्ञापन देने वालों में संजीव कुमार, डा. राजीव कुमार, प्रदीप कुमार, वरूणेंद्र सिंह, आर.एस. चौहान, सुशील कुमार, महेश पुंडीर आदि रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, आबकारी मंत्री, डीएम, एसएसपी, आबकारी अधिकारी व सीओ को भी भेजी गई है।