छात्र संघ चुनाव में निर्दलीयों की शानदार जीत
सहारनपुर। महाराज सिंह कॉलेज में शनिवार को वर्ष 2017-18 के लिए छात्र संघ चुनाव कराया गया। इसमें निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत का परचम फहराया। चुनाव को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए कॉलेज प्रशासन जुटा नजर आया। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जीत के बाद विजयी जुलूस निकालकर जश्न मनाया गया।
छात्र संघ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया गया था। सह सचिव पद पर मात्र एक नामांकन होने से श्रवण सैनी को निर्विरोध चुन लिया गया। बाकी पदों पर दो-दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे। इनमें डॉक्टर अंबेडकर स्टूडेंट यूनियन के प्रत्याशी और एक निर्दलीय पैनल के प्रत्याशी रहे। प्राचार्य डॉ. एके डिमरी के संरक्षण में मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. केके डे के दिशा निर्देशन में मतदान संपन्न कराया गया। मतदान दोपहर दो बजे तक चला। इस दौरान मतदान करने वाले विद्यार्थियों के अलावा अन्य किसी को कॉलेज में एंट्री नहीं दी गई। मतदान के तुरंत बाद मतों की गणना शुरू करा दी गई। करीब दो घंटे चली मतों की गणना में परिणाम सामने आ गया, जिसमें निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। जीत के बाद विजयी जुलूस निकाला गया। चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, डॉ. अजय कुमार शर्मा, डॉ. संजय कुमार, डॉ. दिनकर मलिक, डॉ. रामविनय शर्मा, डॉ. पूनम त्यागी, डॉ. दुर्गेशराज मोहन, डॉ. आरबीएस रावत, डॉ. रीतू अग्रवाल, डॉ. विजय मलिक, डॉ. संदीप, डॉ. पूनम यादव, डॉ. कपिल वत्स, रामकुमार, सुरेश कुमार गुप्ता, रामबीर यादव, मुकेश कुमार आदि का सहयोग रहा।
मात्र 42 फीसदी हुआ मतदान
छात्र संघ चुनाव में मतदान को लेकर विद्यार्थियों में कोई खास रुचि नहीं दिखी। आलम यह रहा कि प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को घर से अपनी कारों में लेकर कॉलेज तक पहुंचे और वोट डलवाया। कुल 2586 विद्यार्थियों में से मात्र 1090 ने वोट डाला। यानी 42 फीसदी मतदान हुआ।
किस पद पर कौन रहा विजेता
पद विजेता प्राप्त मत
अध्यक्ष वैभव शर्मा 581
उपाध्यक्ष सरफराज 587
सचिव शुभम गोयल 577
सह सचिव श्रवण सैनी निर्विरोध
कोषाध्यक्ष अदिबा 600
दासू का पूरा पैनल हारा
छात्र संघ चुनाव में दासू यानी डॉ. अंबेडकर स्टूडेंट यूनियन ने अपना पूरा पैनल उतारा था। अध्यक्ष पद पर शशिकांत, उपाध्यक्ष पद पर अमजद अली, सचिव पद पर विश्वप्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर सौरभ कुमार चुनाव मैदान में थे, जिनमें से एक भी प्रत्याशी जीत हासिल नहीं कर सका। इन्हें क्रमश: 440, 433, 448 और 420 वोट मिले। एबीवीपी, एनएसयूआई और सपा छात्र सभा चुनाव में खुलकर सामने नहीं आए।