बेहट (सहारनपुर)। तेंदुए को लेकर तीसरे दिन भी बेहट सहित आसपास के कई गांवों में दहशत का माहौल रहा। डर के मारे लोग अपने खेतों में जाने से भी कतराते रहे। शाकंभरी रोड स्थित सेंट थॉमस एकेडमी में बच्चों की छुट्टी कर दी गई। कुछ गांवों में लोगों ने रात में पहरा भी दिया।
बता दें कि बुधवार को अब्दुल्लापुर गांव के पास स्थित एक बाग में पहुंचे तेंदुए ने जमकर आतंक मचाया था। तेंदुए ने हमलावर होते हुए तीन वनकर्मियों सहित चार लोगों को घायल कर दिया था। सहारनपुर समेत मुजफ्फरनगर से आए वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के अलावा मेरठ से बुलाई गई ट्रेंक्यूलाइजर टीम भी तेंदुए को कब्जे में नहीं कर पाई थी, जिसके बाद बेहट समेत आसपास के दर्जनों गांवों में तेंदुए को लेकर दहशत का माहौल है। डर के चलते लोग अपने बच्चों को स्कूल तक नहीं भेज रहे है। भय से ग्रामीण भी अपने खेतों में नहीं जा रहे है और रातभर गांव में पहरा देने को मजबूर हैं। शुक्रवार को तेंदुए से डर के चलते शाकंभरी रोड स्थित सेंट थॉमस एकेडमी की छुट्टी कर दी गई। प्रबंधक आयुष मलिक ने बताया कि कुछ अभिभावकों द्वारा जानकारी दी गई थी कि स्कूल के पास जंगल में तेंदुए के पैरों के निशान दिखाई दिए है। इसलिए एहतियात के तौर पर स्कूल की छुट्टी की गई है। डीएफओ सामाजिकी वन प्रभाग विजय सिंह का कहना है कि तेंदुआ जंगल में चला गया है। यदि क्षेत्र में मौजूद होता तो किसी न किसी को दिखाई जरूर देता।