छुटमलपुर (सहारनपुर)। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिहारीगढ़ में पकौड़ियों की दुकानों पर छापेमारी कर चार दुकानों से पकौड़ी, बेसन और तेल के नमूने लिए।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील शर्मा की अगुवाई वाली टीम बुधवार दुपहर बिहारीगढ़ के प्रसिद्ध पकौड़ी बाजार में पहुंची और चार दुकानों से बेसन, तेल और पकौड़ियों के नमूने लिए। करीब एक घंटा तक टीम कस्बे में रही। इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। परचून विक्रेता दुकान बंद कर भाग खड़े हुए। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार, राहुल शुक्ला और विशाल गुप्ता शामिल रहे। सुनील कुमार ने बताया कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी। सैंपल लेकर जांच को भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।