आश्रम से लापता बच्चा पांच घंटे बाद मिला
सहारनपुर। बेहट रोड स्थित गुरुकुल आश्रम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ बालक लिंक रोड पर पांच घंटे बाद घूमता मिल गया। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बच्चा अज्ञात लोगों पर नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण करने का आरोप लगा रहा है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव घुन्ना माहेश्वरी निवासी 12 वर्षीय निशंक पुत्र उमेश शर्मा बेहट रोड स्थित एक गुरुकुल आश्रम में पढ़ता है। निशंक रविवार दोपहर तीन बजे लिंक रोड पर लोगों को संदिग्ध हालत में घूमता हुआ मिला। निशंक ने क्षेत्रवासियों को बताया कि सुबह दस बजे आश्रम के पास कुछ अज्ञात लोगों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे उठा लिया था। होश में आने पर वह किसी प्रकार आरोपियों के चंगुल से बचकर निकल सका। क्षेत्रवासियों ने बच्चे के परिजनों को मामले की जानकारी दी। सूचना पर परिजन पहुंच गए। निशंक के पिता उमेश शर्मा का कहना है कि बच्चे का अपहरण नहीं किया गया। वह झूठ बोल रहा है। उधर, पुलिस घटना संज्ञान में होने से इंकार कर रही है।
पालकी यात्रा निकालकर दी नववर्ष की शुभकामनाएं
सहारनपुर। हिंदू युवा सेना के पदाधिकारियों ने नव वर्ष के मौके पर पालकी यात्रा निकाली। यात्रा का शुभारंभ जेल चुंगी से किया गया। देहरादून चौक से होते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर यात्रा संपन्न हुई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को नव वर्ष 2018 की शुभकानाएं दी। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष अनुज चक्रवर्ती शर्मा शामिल हुए। प्रवीन दुबे, आशू सैनी, रोहित कटारिया, सुनील धीमान, गोविंद चौटाला, प्रदीप हंस, अर्जुन कश्यप, अजय भारती, मोनू नोटियाल, राहुल, विवेक सोदाई मौजूद रहे।