सहारनपुर। जिला निर्वाचन अधिकार और जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में सभी सामाजिक व व्यापारिक संगठन मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने के लिए प्रेरित करें। इससे लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि जनपद में प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व भयमुक्त मतदान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वह जनसामान्य को स्थानीय निकाय चुनाव में मतदान करने के लिए प्रेरित करें। नागरिक सुरक्षा कोर के चीफ वार्डन राजेश जैन ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं को प्रेरित किया जाएगा। इसी कड़ी में 27 नवंबर को मतदाता जागरूकता रैली निकाली जाएगी। प्रोग्रेसिव स्कूल सोसायटी के संयोजक सुरेंद्र चौहान ने कहा कि सभी स्कूल संचालकों द्वारा बच्चों के माध्यम से उनके अभिभावकों को शपथ पत्र भिजवाएं जाएंगे, जिसमें उन्हें मतदान करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक आर के तिवारी, महाराज सिंह कॉलेज के प्राचार्य डा. एकेडिमरी, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डा. दीपा चौहान, व्यापारी नेता शीतल टंडन, मौलवी फरीद, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के जेएस गंभीर के अलावा भारी संख्या में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।