सहारनपुर। घर में लगे बिजली के खंभे से निकली चिंगारी से अस्पताल पुल के नीचे स्थित एक मकान में आग लग गई। जिससे हजारों का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया।
अस्पताल पुल के नीचे सोनू का मकान है। बताया जाता है कि मकान में गाड़ियों का सामान रखा हुआ था। मकान से ही सटे हुए बिजली के दो खंभे लगे हुए थे। बृहस्पतिवार की रात अचानक बिजली के खंभे से चिंगारी निकल कर मकान में जा गिरी। जिससे मकान में आग लग गई। मकान में आग लगते ही आसपास अफरा तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और अस्पताल पुल के ऊपर खड़े होकर ही आग को बुझाना शुरू किया। जिससे अस्पताल पुल पर भी काफी देर तक जाम लग गया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि आग से मकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।