क्रिकेट प्रतियोगिता में ग्लोबल क्लब बना विजेता
सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में ग्लोबल क्लब देवबंद की टीम विजेता बनी। समापन पर अतिथियों ने विजेता और उप विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
प्रतियोगिता का आयोजन सचिन राठौर और लक्ष्य की स्मृति में कराया गया। रविवार को प्रतियोगिता का फाइनल ग्लोबल क्लब देवबंद और सुधीर त्यागी एकेडमी के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुधीर त्यागी एकेडमी की पूरी टीम 16.5 ओवर में मात्र 98 रन ही बना सकी। राजू ने 31 और जुनेद ने 18 रन का योगदान अपनी टीम को दिया। ग्लोबल क्लब की ओर से शाहिद और सुनील ने तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ग्लोबल क्लब की टीम ने पांच विकेट गवाकर 19.2 ओवर में जीत हासिल कर ली। राजीव और अब्दुल ने 23-23 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच अब्दुल रहमान को चुना गया। बेस्ट बेट्समैन सूरज और बेस्ट बॉलर शाकिब रहे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सुुधीर जोशी ने विजेता और उप विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार, फुरकान कुरैशी, राशिद अली, अवनीश, समरीन, बिलाल, मनीष, इरशाद, आजेश, डॉ. संदीप गुप्ता मौजूद रहे।