मेडिकल कालेज के कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया
सरसावा। पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कालेज में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया गया है। इसके विरोध में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
बृहस्पतिवार को शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कालेज के करीब 400 कर्मचारियों ने अपनी बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष दीपक चौहान ने बताया कि दो आउटसोर्सिंग सेवा प्रदाता कंपनियों के कर्मचारी मेडिकल कालेज में काम करते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनका तीन माह का वेतन रुका है जबकि कर्मचारियों से पूरा काम लिया जा रहा है। उनका कहना है कि वेतन के संबंध में जब भी कालेज के प्राचार्य से बात की जाती है तो वे संतोषजनक उत्तर नहीं देते। वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि उनका वेतन नहीं दिया गया तो वे पूर्व की तरह क्रमिक अनशन को मजबूर होंगे। उधर, कालेज के प्राचार्य डा. अरविंद त्रिवेदी ने कहा कि सेवा प्रदाता कंपनी को जुलाई से सितंबर तक तीन माह के वेतन जारी किया जा रहा है।