साढ़ौली कदीम। विभागीय कर्मियों की लापरवाही के चलते बीएसएनएल उपभोक्ताओं के लैंडलाइन फोन पिछले कई दिनों से खराब पड़े हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार शिकायत करने के बाद भी अधिकारी सुध लेने को तैयार नहीं होते हैं।
क्षेत्र के गांव टोडरपुर में संचालित बीएसएनएल का एक्सचेंज विभागीय अधिकारियों की अनदेखी का शिकार हो रहा है। इसके चलते उपभोक्ता लगातार इसकी सेवाओं से दूरी बनाते नजर आ रहे है। प्रारंभ में इस एक्सचेंज में चार सौ से अधिक उपभोक्ता जुडे़ थे, लेकिन विभागीय अनदेखी के चलते अब मात्र बीस उपभोक्ता ही इसकी सेवाओं से जुड़े रह गए हैं। 20 कनेक्शन को भी एक्सचेंज कर्मी पर्याप्त सुविधा नहीं दे पा रहे हैं। पिछले कई माह से इस एक्सचेंज से जुड़े टेलीफोनों में घंटी नहीं बजी है। विभागीय अधिकारी डिवाइस खराब होने का कई माह से बहाना बनाते आ रहे हैं तथा डिवाइस कब तक सही होगी इसके संबंध में कोई जानकारी तक नहीं दे पा रहे हैं। टोडरपुर के एक्सचेंज प्रभारी पदम सिंह कहते हैं कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। वहीं एसडीओ सुखपाल सिंह सैनी कहते हैं डिवाइस खराब होने के कारण यह समस्या आ रही है। हेड ऑफिस को डिवाइस सही कराने के लिए लिखा जा चुका है।