प्रधानमंत्री मोदी ने जनता के साथ किया विश्वासघात : सिद्दीकी
सहारनपुर। कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। वह रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में थे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार सहारनपुर पहुंचने पर कांग्रेसियों ने उनका माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
सम्मेलन में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले जनता के साथ अनेक वादे किए थे। मगर प्रधानमंत्री बनने के बाद जनता के साथ किए एक भी वादे पर खतरा नहीं उतर सके हैं। भोली भाली जनता को 15 लाख का लालच देकर बैंक खाते तो खुलवा दिए, मगर विदेशों से काला धन नहीं ला सके। बेरोजगारी देश की एक बड़ी समस्या बन चुकी है। युवाओं को नया रोजगार तो मिल नहीं रहा है, बल्कि मंदी की वजह से कंपनियां युवाओं को बाहर का रास्ता दिखा रही हैं। नोटबंदी और जीएसटी से उद्यमी और व्यापारी सड़क पर आ गए हैं। अपराध चरम पर है। उत्तर प्रदेश में गैंगवार शुरू हो चुकी है। बागपत की घटना इसका बेहतर उदाहरण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन 2019 की तैयारियों में जुटने की अपील की। उनसे पहले प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इमरान मसूद, देहात से विधायक मसूद अख्तर, जिलाध्यक्ष शशी वालिया, पूर्व राज्य मंत्री लियाकत अली, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, चमनलाल चमन, जावेद साबरी, गणेश दत्त शर्मा, मुकेश दीक्षित, राजकुमार राजू आदि ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में मजाहिर राना, आलम राना, रिजवान जोगी, अशोक जैन, इमरान कुरैशी, राकेश मोगा, गुलफाम अंसारी, देवेंद्र राणा, अजय त्यागी, ओमपाल, चंद्रशेखर, जादोराम, शकुंतला सिंह, उमा भूषण, राजकुमार सैनी, प्रवेश धीमान, अर्चित जैन, संजयवीर राणा आदि मौजूद रहे।