दो दिन बाधित रहेगी आधे शहर की जलापूर्ति
सहारनपुर। पुल खुमरान क्षेत्र में पाइपलाइन शिफ्टिंग की वजह से 19 और 20 जून को पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। पहले यह लाइन के शिफ्टिंग का कार्य ईद से पहले होना था, मगर जलापूर्ति जारी रखने की वजह से प्रशासन ने कार्य को ईद तक के लिए टाल दिया था।
पांवधोई नदी पर बने पुल खुमरान का चौड़ीकरण किया जाना है। चौड़ीकरण का काम लोक निर्माण विभाग के द्वारा किया जा रहा है। पुल की बगल से पानी की पाइपलाइन भी निकल रही है, जिसे पुल के चौड़ीकरण के साथ शिफ्ट किया जा रहा है। पहले शिफ्टिंग का कार्य ईद से पहले किया जाना था, मगर ईद के मद्देनजर प्रशासन ने इसे ईद के बाद करने का निर्णय लिया था। नगर निगम के जलकल अनुभाग के महाप्रबंधक अमरनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि पाइपलाइन की शिफ्टिंग का कार्य अब 19 और 20 जून को किया जाएगा। इसकी वजह से दो दिन जलापूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से सहयोग की अपील की।
इन कॉलोनियों में बाधित रहेगी जलापूर्ति
मातागढ़, चिलकाना रोड, झोटेवाला, खाताखेड़ी, महावीर कालोनी, निसार रोड, रायावाला बड़तला यादगार, भगत सिंह चौक, छिपियाना, पुरानी चुंगी, घास कांटा, भूतेश्वर मंदिर रोड, मुगागढ़, पुराना माधोनगर, बेहट रोड, गढी मलूक, नबाबगंज चौक, बोमंजी रोड, मटिया महल, जाफर नवाज, शाहमदार, विजय टाकिज आदि क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित रहेगी।