अंबेहटा (सहारनपुर)। साथी क्रिकेट क्लब की ओर से हर वर्ष आयोजित होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। सहजवा गांव में होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किसान हित एवं गो सेवा समिति के अध्यक्ष चौधरी कृष्णकांत उर्फ बिट्टू नंबरदार ने फीता काटकर किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलता है। इसलिए ऐसे आयोजन समय समय पर होते रहने चाहिए। साथी क्रिकेट क्लब के बिजेंद्र व संगम मंढार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के दैदनोर, नयागांव, सहजवी, बिजनाखेड़ी, फंदपुरी सहित आसपास के अन्य गांवों की करीब 32 टीमें हिस्सा लेगी। उन्होंने बताया कि क्लब की ओर से विजेता टीम को 31 सौ रुपये व उप विजेता टीम को 21 सौ रुपये की नगदी व ट्राफी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच थरौली व दैदनोर की टीम के बीच खेला गया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए थरौली टीम ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 119 रनों का लक्ष्य दैदनोर की टीम के सामने रखा। दैदनोर की टीम के खिलाड़ियों ने उक्त लक्ष्य को 18.7 ओवरों में हासिल कर मैच जीत लिया। बेहतर प्रदर्शन के लिए दैदनोर टीम के बल्लेबाज संदीप चौधरी को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। मैच के अंपायर शिवकुमार रहे। इस दौरान अंकुश चौधरी, सुक्कड़ ठेकेदार, नीरज प्रधान, अनिल कुमार, रवि, अजय धीमान, राजबीर, जोगेंद्र, योगेश, मोहित, दीपक, जोनी, राहुल शर्मा, गगन, सौरभ, सोनित, गुडडू, विजय, सोमपाल, नेत्रपाल, महीपाल, गुलजार आदि लोग मौजूद रहे।