ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां बेटा गंभीर
नकुड़। नगर के बस अड्डे पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट मे आने से बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत सीएचसी पहुंचाया। वहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बुधवार की शाम करीब छह बजे गांव बाकरवाला निवासी सचिन पुत्र अरविंद अपनी मां सुमन को बाइक पर लेकर नकुड़ से अपने गांव जा रहा था। अरविंद ने बताया कि जैसे ही वह बस अड्डे पर पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसके बाद वह दोनों नीचे गिर गये और ट्रक का पहिया दोनों के पैरों पर चढ़ गया। आसपास के दुकानदारों ने शोर मचाकर ट्रक को पीछे हटवाया तथा हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को सीएचसी में रेफ र कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। कोतवाल यशपाल सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।