सहारनपुर। क्षत्रिय समाज के लोगों ने भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष के गोली लगने की घटना में चार लोगों को नामजद कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए लखनऊ में एडीजी कानून एवं व्यवस्था को ज्ञापन देकर घटना की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष डाक्टर योगेंद्र राणा ने कहा कि बुधवार को महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम का आयोजन पुलिस और प्रशासन की देखरेख एवं कड़ी सुरक्षा में चल रहा था। वहां पर पुलिस बल एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे। दोपहर लगभग एक बजे सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें बताया कि भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष के भाई को गोली लग गई है। कार्यक्रम को तुरंत समाप्त कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि एसएसपी और डीएम ने बयान जारी कर तमंचा साफ करते समय गोली चलना बताया। इसके बावजूद क्षत्रिय समाज के चार युवकों पर भीम आर्मी के दबाव के चलते फर्जी तरीके मुकदमा दर्ज कराए गए। क्षत्रिय समाज इस घटना की सीबीआई जांच की मांग करता है जिससे सच्चाई सामने आ सके। इस मामले में क्षत्रिय समाज ने एडीजी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन देने वालों में अरुण प्रताप सिंह, रणदीप सिंह पुंडीर, डाक्टर योगेंद्र सिंह राणा, मानवेंद्र चौहान, सुशील सूरी, विक्रम वर्मा शामिल रहे।