सहारनपुर। चैत्र नवरात्र की श्री दुर्गा अष्टमी पर श्रद्धाभाव से कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। लोगों ने अपने घरों में भक्तिभाव से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रविवार की सुबह पौने आठ बजे तक श्री दुर्गा अष्टमी मनाई गई। इसके पश्चात नवमी शुरू हो गई। व्रत रखने वाले लोगों ने अपने घरों में श्री दुर्गा अष्टमी और नवमी पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हवन-यज्ञ कराया। बच्चों की टोलियां सुबह से ही तैयार होकर जीमने के लिए निकल गई। भक्तों ने कन्याओं को नगद राशि और पुरस्कार दिए।
आवास-विकास स्थित श्री हरि मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मां भगवती के भजनों पर प्रस्तुति देकर बच्चों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री शिव शक्ति तहसील मंदिर में पंडित अभिषेक कृष्णात्रेय ने पूजा अर्चना कराई। राधा-विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में स्वामी कालेंद्रानंद महाराज के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गोविंदनगर स्थित वैष्णो सिद्धपीठ महाकाली भैरव मंदिर में पंडित जितेंद्र गौड़ ने विधि विधान से पूजन कराया। सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम में अतुल जोशी महाराज ने मां भगवती की महिमा का गुणगान किया। मंशा पूर्ण श्री हनुमान मंदिर, श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री साईंधाम, श्री नारायणपुरी मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।