देवबंद (सहारनपुर)। बकाया वसूली को लेकर विद्युत निगम सख्त रवैया अपनाए हुए है। जिसके चलते तीन दिनों में निगम अधिकारी रामनगर, बढेड़ी और साखन खुर्द की बिजली काट चुके हैं। निगम की इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में रोष बना हुआ है।
प्रदेश सरकार के आदेशानुसार विद्युत निगम अधिकारी बकाया वसूली के लिए गांव-गांव कैंप लगा रहे हैं, लेकिन कोई भी कैंप में जाकर बकाया जमा नहीं करा रहा है। जिसके चलते गुस्साए अधिकारी एक के बाद एक गांव की बिजली काट रहे हैं। अभी तक निगम रामनगर, बढ़ेडी और साखन खुर्द की बिजली काट चुका है। अधिकारियों का कहना है कि रामनगर और बढेड़ी में उपभोक्ताओं पर करीब 50 लाख रुपये का बकाया है, जबकि साखन खुर्द में 26 लाख रुपये बकाया चल रहा है। तीनों गांवों में कैंप लगाए गए, लेकिन कोई भी ग्रामीण बकाया जमा करने के लिए नहीं पहुंचा। उधर, विद्युत निगम की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत निगम मनमाना रवैया अपना रहा है। कुछ लोगों की गलती की सजा पूरे गांव को दी जा रही है।
30 बिजली उपभोक्ताओं पर रिपोर्ट दर्ज, पांच लाख रुपये की वसूली
देवबंद। शुक्रवार को विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता राजपाल सिंह रविवंशी के नेतृत्व में नगर के रेलवे रोड, सुभाष चौक, सराय पीरजादगान और मजनूवाला मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच लाख रुपये की वसूली की गई, जबकि 20 लोग बिजली चोरी करते मिले। जिनके खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। 10 उपभोक्ताओं पर बिल जमा न करने के चलते रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। राजपाल सिंह रविवंशी के मुताबिक जिन 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है उन पर निगम का 13 लाख रुपये बकाया है। चेकिंग टीम में एसडीओ अमित त्यागी, जेई सत्यप्रकाश, अजय कुमार, मौ. जीशान, जुलफिक्कार, कलीम, श्याम कुमार, वाजिद, याकूब, असलम आदि शामिल रहे।