छुटमलपुर (सहारनपुर)। एकता एंटी करप्शन संस्था के प्रांतीय कार्यकर्ता सम्मेलन में हर स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ लामबंद होने की जरूरत बताई गई। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे खुद निजी जीवन में शूचिता का पालन करते हुए लोगों को ईमानदारी से जीवन जीने के लिए प्रेरित करें।
पंचायत घर सभागार में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. फरमान सिद्दीकी ने कहा कि संस्था बाल मजदूरी रोकने, दबे कुचले लोगों को उनके अधिकार दिलाने, सरकारी कार्यालयों में व्याप्त किसी भी स्तर के भ्रष्टाचार के विरोध के लिए दृढ़संकल्प है। लेकिन यह उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब कार्यकर्ता खुद निजी जीवन में भी इन्हें अपनाएं। अध्यक्षता कर रहे प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राणा ने कहा कि यदि कार्यकर्ता संस्था की आड़ में अनैतिक आचरण करते पाए गए तो उनके खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई होगी। सम्मेलन में संदीप सैनी को उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रदेश महासचिव राव इसरार ने कहा कि संस्था कार्यकर्ता अपने स्तर पर भी लोगों के जीवन स्तर को उठाने के लिए उन्हें स्वावलंबी बनाने और उनके बच्चों को शिक्षित होने के लिए प्रेरित करने का काम करें।
सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष कुलदीप राणा, मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार, जिला उपाध्यक्ष विनोद राणा, रणधीर सिंह, प्रवीण कुमार, ब्लाक अध्यक्ष सचिन कुमार, राहुल कुमार, मोनू कुमार, गौरव गुप्ता आदि मौजूद रहे।