सहारनपुर। नगर निगम के भाजपा पार्षदों की बैठक का आयोजन किया, जिसमें सर्वसम्मति से महापौर संजीव वालिया को पार्षद दल का नेता और पार्षद अशोक राजपूत को उपनेता चुना गया है। पंत विहार स्थित महापौर संजीव वालिया के निवास स्थान पर बैठक हुई। महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा ने बताया कि नगर निगम के चुनाव प्रभारी रहे विजयपाल तोमर और प्रदेश उपाध्यक्ष कांता कर्दम की अगुवाई में महापौर को पार्षद दल का नेता और पार्षद अशोक राजपूत को उपनेता चुना गया। इसके अलावा प्रदीप पंवार को मुख्य संकेतक, मान सिंह जैन को सह संकेतक बनाया गया। पिंकी गुप्ता को कोषाध्यक्ष घोषित किया। सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक लाज कृष्ण गांधी, राजीव गुंबर, नरेश धनगर आदि मौजूद रहे।