सहारनपुर। संभागीय परिवहन अधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्र ने कहा है कि दुर्घटना से बचाव करते हुए सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात के नियमों का पालन जरूरी है। व्यवसायिक वाहन चालकों को नियमों पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
संभागीय परिवहन अधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्र ने बृहस्पतिवार को बेहट बस स्टैंड के निकट व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण, रिफ्रेशर कोर्स व नेत्र परीक्षण शिविर में जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि सुरक्षित और दुर्घटना रहित यात्रा करें और यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक वाहनों में निर्धारित परिवहन निगम के नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। व्यवसायिक वाहन चालकों को समय-समय पर अपने नेत्रों का परीक्षण कराते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व है कि सड़क पर दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को उपचार के लिए नजदीक के चिकित्सक के पास ले जाएं। पहले घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार दिया जाए। जिससे उसका जीवन बच सके। यातायात विभाग के उपनिरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने कहा कि माल वाहक वाहनों में निर्धारित मात्रा से अधिक वजन नहीं ले जाना चाहिए। इससे सड़कों पर भी असर पड़ता है और दुर्घटनाएं भी होतीं हैं। वाहनों को भी नुकसान होता है। शिविर में 150 वाहन चालकों की नि:शुल्क नेत्र परीक्षण किया गया।