राशन वितरण के दौरान हंगामा, हाथापाई
चिलकाना (सहारनपुर)। फिरोजाबाद गांव में पंचायत भवन में राशन वितरण के दौरान जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान हुई हाथापाई में कुछ लोगों के राशन कार्ड भी फट गए।
गांव फिरोजाबाद में पड़ोस के गांव गुमटी का राशन विक्रेता राशन देता है। सोमवार को राशन विक्रेता का पति इस्लाम फिरोजाबाद में राशन वितरण करने के लिए आया था। इससे पहले गांव के ही एक व्यक्ति ने लोगों के राशन कार्ड एकत्र कर लिए। ज्यादा भीड़ होने पर विक्रेता ने कहा कि जिन लोगों के हाथ में राशन कार्ड होगा, उन्हें ही राशन दिया जाएगा। इतना सुनते ही एकत्र किए गए कार्ड वापस करने शुरू कर दिए गए। आपाधापी में प्रवीन, रमजान, दाऊद, अशरफ, रमाजनन, अली हसन, इस्लाम, साजिद, हमीदा, मारुफ आदि लोगों के कार्ड फट गए। कार्ड फटने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। इस कारण राशन वितरण आधा अधूरा ही हो पाया। गांव के जिम्मेदार लोगों ने राशन वितरण स्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों को शांत कर मामले को निपटाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर महीने में केवल एक दिन आठ तारीख को राशन का वितरण करने के लिए आता है। एक दिन में गांव फिरोजाबाद तथा उसके दो मजरे पाजबांगर तथा पीरमाजरा में राशन वितरण नहीं हो पाता है। बहुत सारे लोग राशन प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं।