छुटमलपुर (सहारनपुर)। तीन माह से वेतन नहीं मिलने से क्षुब्ध बैंक आफ बड़ौदा के गार्डों ने एटीएम पर ताला डाल दिया है। मंगलवार को पूरे दिन एटीएम बंद रहा जिससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। बता दें कि एटीएम के संचालन के लिए इस पर बैंक ने कंपनी के माध्यम से दो गार्डों को तैनात किया हुआ है। पिछले तीन माह से गार्डों को वेतन नहीं मिल रहा है। गार्ड राजकुमार और दिनेश शर्मा ने बताया कि वे बैंक प्रबंधक और कंपनी अधिकारियों को कई बार अवगत करा चुके हैं लेकिन उसके बाद भी उनका वेतन नहीं दिया जा रहा है। मजबूरी में उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। बुधवार को हालांकि दोनों गार्ड ड्यूटी पर पहुंचे जरूर लेकिन उन्होंने शटर नहीं खोला। एटीएम न खुलने से दिन भर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी। उधर, बैंक के शाखा प्रबंधक का कहना है कि भुगतान कंपनी के माध्यम से होता है। उन्होंने उच्चाधिकारियों को इस बारे में अवगत करा दिया है।