गागलहेड़ी (सहारनपुर)। एसआर पब्लिक स्कूल के छात्रों ने शुक्रवार को सामाजिक चेतना रैली तथा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। रैली का शुभारंभ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि आजकल शिक्षा में संस्कार की कमी हर परिवार में देखने को मिल रही है। आधुनिक युग में नौजवान पीढ़ी अपने नैतिक मूल्य को खोती जा रही है। छात्रों ने कस्बे के महाराजा अग्रसेन चौक व ज्योतिबा फूले चौक पर नुक्कड़ नाटक आयोजित कर लोगों को शिक्षा और संस्कार के प्रति जागरूक किया। साथ ही मोबाइल फोन की वजह से सड़क पर होनी वाली दुर्घटनाओं के बारे में भी सचेत किया। प्रधानाचार्य सचिन भारद्वाज, प्रबंधक ललित, अनिल शर्मा ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रियंका शर्मा, ममता यादव, वर्निका, निलोफर खान, अनुज, अजब सिंह, रेखा, मीनू, गगनदीप, गोपाल, रोबिन भारद्वाज, विकास आदि रहे।