सहारनपुर। एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि छात्राएं चुप नहीं बैठें, खुलकर अपनी समस्याओं को अपने अभिभावकों से कहें। विकट परिस्थिति में यूपी डायल 100 या 1090 पर कॉल करें। खुद में आत्मविश्वास पैदा करें और निडर रहें। एसएसपी शनिवार को नारी सुरक्षा सप्ताह के तहत चंद्र नगर स्थित आशा माडर्न स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी को जागरूक होने के साथ-साथ अपने अंदर हौसला जगाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला शारीरिक, सामाजिक व मानसिक उत्पीड़न के खिलाफ इस हेल्प लाइन पर शिकायत दर्ज करा सकती है। यहां शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
एसपी यातायात विनीत भटनागर ने कहा कि बालिकाओं को किसी से भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्राएं विपरीत परिस्थिति में अपना आत्मविश्वास कम न होने दें तथा हिम्मत कर सामने आए। आत्मरक्षा के लिए अपने पास मौजूद हेयर पिन, कंघी, पैन, पेंसिल व दुपट्टे को हथियार के रूप में इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि छात्राओं के मध्य से ही कुछ छात्राओं को शक्ति परी के रूप में चयनित किया जाएगा।
सीओ यातायात बीपी सिंह व सीओ द्वितीय मुकेश चंद्र मिश्र ने भी जानकारी दी। प्रोग्रेसिव स्कूल्स सोसायटी के संयोजक सुरेंद्र चौहान ने कहा कि छात्राओं को भी उत्पीड़न का विरोध करना चाहिए। प्रधानाचार्य डाक्टर दिव्य जैन ने कहा कि विद्यालय में बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे व मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जाता है।
कार्यक्रम में बालिकाओं ने जूडो कराटे व मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया और नारी सुरक्षा के संबंध में गीत भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर नारी सुरक्षा के संबंध में जारी पंफलेट का भी विमोचन किया। कार्यक्रम का संचालन हरवीन खरबंदा व जेरूसा सेन ने किया। आरके शर्मा, प्रदीप, अनुराधा त्यागी, राकेश, नेहा, नूतन, रुचिता, ललित, मनोज मौजूद रहे।