मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर चौतरफा अलर्ट
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भले ही चुनावी सभा को संबोधित करने सहारनपुर आ रहे हों, लेकिन उनके आगमन से पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी बेचैन हैं। क्योंकि, गड्ढा मुक्त अभियान के बावजूद सड़कों में जगह-जगह गड्ढे हैं और हाल ही में डकैती के दौरान बदमाशों द्वारा किसान की हत्या करने का मामला भी गर्माया हुआ है। आनन-फानन में व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है तो कुछ कार्यों को फाइलों में पूरा कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरी बार रविवार को योगी आदित्यनाथ सहारनपुर आ रहे हैं। वह गांधी पार्क मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय भी आएंगे। सीएम के दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह अलर्ट हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर तमाम विकास कार्यों को पूरा कराए जाने के लिए पिछले कई दिनों से सरकारी तंत्र लगा था। कुछ कार्यों को फाइलों में पूरा कर लिया गया है। अधिकारियों को डर है कि मुख्यमंत्री योगी चुनावी सभा के बाद विकास कार्यों की समीक्षा कर सकते हैं। इसलिए व्यवस्था को बेहतर बनाने में अफसर कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। दो दिन पूर्व कोतवाली नकुड़ क्षेत्र में लूटपाट के दौरान किसान की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। इस घटना को लेकर भी अधिकारी चिंतित हैं। क्योंकि, मुख्यमंत्री ने अब तक जहां भी चुनावी जनसभा की है, वहां प्रदेश से अपराधियों के खात्मे की बात कही है। इसलिए पुलिस अधिकारियों ने घटना के वर्कआउट के लिए कई टीमों को लगाया हुआ है।
जिस रास्ते जाएंगे सीएम, वहां गड्ढा मुक्त कर दी सड़क
सहारनपुर। प्रदेश की बागडोर संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद पूरे प्रदेश में सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया गया था। जनपद में 15 जून तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने अधिकारियों ने दावा किया था। मगर सड़कों में गड्ढे बने हुए थे। मुख्यमंत्री योगी ने 21 अगस्त को सहारनपुर का दौरा किया था। इससे पूर्व सरकारी तंत्र ने एक बार फिर सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया था, लेकिन सड़कों की हालत कुछ दिनों बाद ही खस्ताहाल हो गई थी। अब रविवार को मुख्यमंत्री आ रहे हैं तो सरकारी तंत्र ने उस मार्ग को गड्ढा मुक्त करा दिया, जहां से सीएम का काफिला निकलेगा। पुलिस लाइन से कलक्ट्रेट, कोर्ट रोड, जीपीओ रोड, गांधी पार्क की सड़क में गड्ढों को रातोंरात भर दिया गया है। इस मार्ग की पथ प्रकाश की व्यवस्था भी दुरुस्त कर दी गई, जबकि शहर की अन्य सड़कों की हालत बद से बदतर है।
-----------------------------------------
तीन गुना लंबा किया स्टेज
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गांधी पार्क में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। गांधी पार्क मैदान में अक्सर चुनावी जनसभा होती है। यहां पर पक्का स्टेज बना हुआ है। इस बार स्टेज को तीन गुना लंबा कर दिया गया है। दो दिन से गांधी पार्क में व्यवस्था बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है।
---------------------------------------
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा
सहारनपुर। मुख्यमंत्री की जनसभा स्थल का शनिवार को पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने जायजा लिया। डीआईजी सुनील इमैनुवल,
जिलाधिकारी पीके पांडेय और एसएसपी बबलू कुमार ने व्यवस्था देखी। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। गांधी पार्क के आसपास बने भवनों पर पुलिसकर्मी तैनात करने के लिए रूपरेखा तैयार की गई।