बेहट (सहारनपुर)। केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत पंजाब नेशनल बैंक ने गांव जैतपुर खुर्द एवं हसनपुर गांव में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं एवं किसानों को इसके बारे में विस्तारपूर्वक समझाया।
गांव हसनपुर नौगांवा में पंजाब नेशनल बैंक के अग्रणी मुख्य प्रबंधक नीरज भारती ने उपभोक्ताओं एवं किसानों को बताया कि डिजिटल बैंकिंग के प्रयोग करने में कुछ सावधानियां बरतनी आवश्यक है, जैसे आप अपना खाता नंबर, जन्मतिथि, डेबिट कार्ड, एटीएम कार्ड, कार्ड का नंबर एवं आधार कार्ड का नंबर किसी अनजान व्यक्ति से शेयर न करें। यदि कोई भी किसी अनजान नंबर से फोन द्वारा या मैसेज द्वारा आपके खाते से संबंधित कोई भी जानकारी मांगी तो सर्वप्रथम उसको नजर अंदाज करें, क्योंकि बैंक इस तरह की कोई भी जानकारी नहीं लेता है। यदि आपके साथ में कोई समस्या है, तो आप नजदीकी शाखा प्रबंधक से संपर्क करें।
उन्होंने पीएनबी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाएं जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री बीमा योजना, अटल पेंशन योजना के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भ्रष्टाचार उन्मूलन की शपथ भी दिलवाई। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक अमीर सरवर, अग्रणी बैंक को-ओर्डिनेटर मोहसिन रजा, डीसी संजीव चौहान, ग्राम प्रधान हसनपुर नौगांवा संदीप चौहान, महेंद्र सिंह चौहान प्रमुख, जैतपुर खुर्द के प्रधान मशकूर अहमद आदि की मौजूदगी रही।